
भिलाई : – विदेश में MBA कराने और पढ़ाई पूरी होने के बाद नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 19 लाख रुपये ऐंठने के मामले में स्मृति नगर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कंसल्टेंसी संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा शामिल हैं। शिकायतकर्ता सुमित अरमरकर के अनुसार, आरोपियों ने उसे यूके, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने के साथ विदेश में नौकरी का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे पर उसने आरोपियों के बताए खातों में अलग-अलग किस्तों और चेक के जरिए कुल 19 लाख रुपये जमा किए।
विदेश भेजने के नाम पर किर्गिस्तान पहुंचाया, नौकरी फिर भी नहीं मिली
पुलिस के मुताबिक, रकम लेने के बाद आरोपी लगातार विदेश भेजने और नौकरी दिलाने का भरोसा देते रहे। बाद में कनाडा की नागरिकता और रोजगार दिलाने की बात कहकर विजिटर वीजा के जरिए विदेश भेजने का कथित तौर पर लालच दिया गया। शिकायत के अनुसार, सुमित को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां भी उसे नौकरी नहीं मिली। भारत लौटने के बाद उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे। रकम लौटाने के लिए तीन चेक दिए गए, जिनमें प्रत्येक की राशि दो लाख रुपये थी। बैंक में जमा करने पर तीनों चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद सुमित ने स्मृति नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के बाद पुलिस ने तीनों को पकड़ा, कोर्ट में पेश
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कंसल्टेंसी से जुड़े दस्तावेजों तथा लेनदेन की जानकारी जुटाई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार की है। दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, गगन गुप्ता अपनी पत्नी और पार्टनर के साथ स्मृति नगर में टॉप कैरियर कंसल्टेंसी चला रहा था। विदेश में पढ़ाई और नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने की शिकायत की जांच के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




