
रायपुर : NEET पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में रविवार को राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक पर युवाओं ने प्रदर्शन किया। दिल्ली के जंतर-मंतर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हटाए जाने के विरोध में भी प्रदर्शनकारियों ने उनके समर्थन में नारे लगाए।

बारिश के बीच बड़ी संख्या में छात्र और युवा हाथों में तख्तियां व पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की अपील की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

युवाओं ने यह भी कहा कि परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं की जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में छात्रों का भरोसा बना रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।







