
रायपुर: राजधानी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम में रक्षाबंधन का उत्सव खास अंदाज में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे। शहीद जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री साय को राखी बांधी। वहीं स्कूली छात्राओं ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते का पर्व मनाया।

कार्यक्रम में मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत भी की गई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना उनके लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव है। उन्होंने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने जवानों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के प्रयासों से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने शहीद युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा को अपनी बहन बताते हुए कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है, लेकिन आज उन्हें एक ऐसी बहन मिली है जो सगी बहन से कम नहीं है। उन्होंने सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 6 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा है और छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं इस श्रेणी में आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक रक्षाबंधन के अवसर पर 68 लाख बहनों के खातों में 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बस्तर संभाग के विकास को और तेज किया जाएगा।





