
छत्तीसगढ़ में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए आने वाले दिन राहत लेकर आ सकते हैं। प्रदेश में अभी मानसून की गतिविधियां कमजोर हैं और ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम में ज्यादा बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

इसके बाद 19 सितंबर से मौसम का सिस्टम मजबूत होने के संकेत हैं, जिससे प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ सकता है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली और गरज-चमक को लेकर भी अलर्ट रहेगा। खास बात यह है कि इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में अब तक बारिश सामान्य से करीब 5 फीसदी कम हुई है, ऐसे में अगले दिनों की बारिश अहम मानी जा रही है।

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं बुधवार को दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचें।





