
गुवाहाटी : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज सुबह दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे और इस दौरान वह एक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे तथा विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया।
राज्यपाल ने सोशल मीडिया पर कहा, भारत के माननीय उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का गुवाहाटी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री शर्मा ने भी असम पहुंचे राधाकृष्णन का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा, माननीय उपराष्ट्रपति कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और अपने ज्ञान एवं अनुभव से हमें समृद्ध करेंगे। उपराष्ट्रपति रविवार को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में गीतानगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद वह ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर में श्रीमंत शंकरदेव यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। सोमवार सुबह राधाकृष्णन सबसे पहले कामाख्या मंदिर जाएंगे। इसके बाद वह गौहाटी विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे और विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
इसके बाद विश्वविद्यालय के कन्वेंशन सेंटर में वह छात्रों, शिक्षकों और समाज के प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार इसके बाद राधाकृष्णन शिलांग जाएंगे जहां वह सोसो थाम ऑडिटोरियम में आयोजित नागरिक अभिनंदन और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वह 8 सितंबर को इंफाल जाएंगे जहां मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और युद्ध स्मारक तथा सैनिक स्कूल का दौरा करेंगे। इसके बाद वह 9 सितंबर को ईटानगर जाएंगे और वहां अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होंगे। वह ईटानगर में न्येदार नामलो, जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और श्रवण एवं दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के डोनी पोलो मिशन स्कूल का भी दौरा करेंगे।






