
भोपाल : चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी उन्हें पूछताछ के लिए मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) भी लेकर पहुंची थी।जानकारी के मुताबिक, ट्विशा के पति समर्थ के साथ गिरिबाला सिंह को कोर्ट में पेश किया गया। माना जा रहा है कि सीबीआई दोनों की 3 से 7 दिन की रिमांड मांग सकती है, ताकि आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा सके। अब तक दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही थी।

सीबीआई को शक है कि 12 मई की रात ट्विशा शर्मा की मौत के बाद घटनास्थल पर मौजूद सबूतों से छेड़छाड़ की गई थी। इसी आशंका के चलते गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि ट्विशा की मौत वाली रात आखिर क्या हुआ था और घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भूमिका क्या रही। कोर्ट पहुंचने के दौरान समर्थ और गिरिबाला सिंह दोनों के चेहरे पर तनाव साफ दिखाई दे रहा था।फिलहाल सीबीआई मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस केस में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।




