
शनिवार को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव और बाढ़ प्रभावित इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी शनिवार को तेज बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, जबकि पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम और आसपास के इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना है। ओडिशा में 8 अगस्त को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश का अनुमान है। महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में भी बादल जमकर बरस सकते हैं। आईएमडी ने तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की भी संभावना है। कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। वहीं शुक्रवार की बारिश ने दिल्ली-NCR की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हुआ और ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित रहा। दक्षिण दिल्ली की एमबी रोड पर एयरफोर्स स्टेशन के पास पानी भरने से कई वाहन फंस गए। कई जगह मोटरसाइकिल और ऑटो-रिक्शा भी बंद हो गए। इसके अलावा आईटीओ, पटेल रोड, रोहतक रोड, वजीराबाद रोड, कीर्ति नगर, शाहीन बाग, दिल्ली-जयपुर हाईवे और बदरपुर बॉर्डर समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। जलभराव वाले सबवे और सड़कों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। कुल मिलाकर, शनिवार को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने वाला है, ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।






