
गुजरात के सोमनाथ मंदिर में सोमवार को ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ के दौरान पहली बार भव्य कुंभाभिषेक समारोह आयोजित किया गया। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक, महापूजा और ध्वज पूजा सहित कई धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और बड़ी संख्या में संत-महात्मा मौजूद रहे।



यह आयोजन पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया। अनुष्ठान के दौरान देश के 11 प्रमुख तीर्थ स्थलों से लाए गए पवित्र जल से कुंभाभिषेक किया गया। मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और भजनों से गूंज उठा, जबकि हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।




