
रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए केदारनाथ यात्रा को फिलहाल रोक दिया है। मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी वर्षा, तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ गया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें निकटवर्ती होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। विशेष रूप से श्रीनगर सहित विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित की गई है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।

स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ समेत सभी राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौसम और यात्रा मार्गों की निगरानी कर रहे हैं।सोनप्रयाग, गौरीकुंड और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम अनुकूल होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए। इसके अलावा कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।




