अभिषेक बनर्जी के बाद कल्याण बनर्जी पर हुआ हमला,  हालचाल जानने पहुंचीं ममता…

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल के बीच टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हुगली जिले में कथित हमले का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, तभी विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई।जानकारी के अनुसार, कल्याण बनर्जी रविवार को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ चंडीतला थाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध करते हुए काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के बीच धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बन गई। टीएमसी की ओर से दावा किया गया है कि इस दौरान सांसद को चोट भी आई।

घटना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कल्याण बनर्जी के खिलाफ नारे लगाए। विवाद बढ़ने के बाद सांसद अपने समर्थकों के साथ मौके पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।घटना के बाद मीडिया से बातचीत में कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन पर सुनियोजित और जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने कहा कि वह चंडीतला थाने के प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम के कारण उन्हें वाहन छोड़कर अपने सुरक्षा कर्मी के साथ पैदल जाना पड़ा, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी कथित धक्का-मुक्की और विरोध प्रदर्शन की घटना सामने आई थी। ऐसे में लगातार दूसरे दिन टीएमसी नेताओं के साथ हुई घटनाओं ने राज्य की सियासत को और गर्मा दिया है।

About The Author