
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी पर अपने ही पति की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक महिला ने पहले कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पति उमाशंकर को पिलाईं और जब वह गहरी नींद में सो गया तो साड़ी के फंदे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान दंपति के दोनों बच्चों की आंख खुल गई। बच्चों ने अपनी मां को पिता का गला घोंटते हुए देख लिया। बच्चों को देखते ही महिला मौके से भाग निकली। इसके बाद आरोपी महिला अपने भाई के साथ खुद थाने पहुंची और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि उसका पति उठ नहीं रहा है। लेकिन इसी दौरान बच्चों ने पुलिस को फोन कर पूरी घटना बता दी, जिसके बाद महिला को हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी महिला के एक अन्य व्यक्ति से कथित अवैध संबंध थे। इसी वजह से उसने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, उमाशंकर गुजरात में मजदूरी करते थे और दो दिन पहले ही घर लौटे थे। बेटे विवेक की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




