
रायपुर : – राजधानी रायपुर में बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से एक MBBS छात्र की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पंडरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात 21 वर्षीय विनायक सैनी का शव उसके दोस्त के कमरे में मिला। विनायक राजस्थान के अजमेर का रहने वाला था और मेडिकल कॉलेज में MBBS थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, विनायक घटना वाले दिन अपने घर से लौटकर कॉलेज पहुंचा था। इसके बाद वह हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रहने वाले अपने दोस्त के कमरे में चला गया। रात करीब 9 बजे उसका दोस्त कुछ देर के लिए खाना खाने बाहर गया था। जब वह वापस कमरे में लौटा तो विनायक बेड पर पड़ा मिला। इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से उसे बालाजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस हॉस्टल पहुंची और कमरे की जांच शुरू की। पुलिस की जांच में कमरे से कुछ दवाएं और इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है। इनमें एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल दवा का नाम भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि विनायक ने इनमें से किसी दवा का इस्तेमाल किया था या उसकी मौत इन दवाओं से जुड़ी थी। पुलिस छात्र के दोस्तों और परिजनों से जानकारी जुटा रही है तथा घटना से पहले उसकी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





