
तीज के मौके पर नागपुर जा रहे लोगों की खुशियां मातम में बदल गईं। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर महाराष्ट्र के भंडारा जिले में पिंपलगांव के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 लोग छत्तीसगढ़ के बताए जा रहे हैं, जबकि एक मृतक नागपुर का निवासी है। हादसे में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

दुर्घटना में 14 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में कई बच्चे भी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों और घायलों में कवर्धा और राजनांदगांव जिले के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में भी कोहराम मच गया।

घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने भंडारा में हुए सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों और बच्चों की मौत को बेहद पीड़ादायक बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। तीज के त्योहार पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।





