
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों के लिए अगले 48 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सूरजपुर में गोबरी नदी के तेज बहाव में हाल ही में बना रपटा पुल बह गया, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय और राष्ट्रीय राजमार्ग से संपर्क टूट गया। वहीं मुंगेली में कारीडोंगरी पुल पानी में डूबने के कारण करीब 20 गांवों की आवाजाही बाधित हो गई है।

बारिश का असर बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में भी देखने को मिला है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित रहा, जबकि कुछ स्थानों पर लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।





