छत्तीसगढ़ में बारिश पर लगेगा ब्रेक, 3 दिन बाद फिर बरसेंगे बादल; 16 जिलों में यलो अलर्ट …

छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों के बीच अगले तीन दिनों तक बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, लेकिन बारिश की तीव्रता में कमी आएगी। इसके बाद एक नई मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में फिर बारिश का जोर बढ़ने की संभावना है। यानी फिलहाल कुछ दिनों की राहत के बाद मानसून एक बार फिर एक्टिव हो सकता है।

मंगलवार को प्रदेश के 16 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम खराब रहने के आसार हैं। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में भी मंगलवार को बादल छाए रहने और बारिश होने के संकेत हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका और अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इन परिस्थितियों के चलते 12 अगस्त को इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं। ऐसे में अगले तीन दिन बारिश की रफ्तार भले ही धीमी रहे, लेकिन इसके बाद प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।

About The Author