
भोपाल : – त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए भोपाल रेल मंडल ने बिना टिकट और अनुचित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ टिकट चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के अनुसार, वाणिज्य विभाग की टीमें अप्रैल से जुलाई तक लगातार ट्रेनों और स्टेशनों पर टिकटों की जांच कर रही हैं। इस दौरान कुल 2 लाख 30 हजार 345 मामले पकड़े गए। टिकट जांच के दौरान रेलवे ने इन मामलों से 17.50 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया। इनमें 1,05,914 बिना टिकट यात्रा, 1,23,643 अनुचित टिकट और 788 बिना बुक सामान के मामले शामिल हैं। रेलवे के मुताबिक, पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इस बार राजस्व में 11.80 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, सिर्फ जुलाई महीने में 42,139 मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे को 3.75 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। इनमें 18,533 बिना टिकट यात्रा और 23,394 अनुचित टिकट के मामले शामिल रहे। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि जल्दबाजी में बिना टिकट ट्रेन में सवार न हों। यात्रा से पहले अपना टिकट जरूर बनवाएं और रेलवे के नियमों का पालन करें। रेलवे का कहना है कि टिकट लेकर यात्रा करने से यात्री जुर्माने से बचने के साथ ही त्योहारों के दौरान परेशानी मुक्त सफर कर सकते हैं।





