
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने महतारी वंदन योजना, शराबबंदी, कांग्रेस नेताओं की एकजुटता और संतों पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

छत्तीसगढ़ में इन दिनों महतारी वंदन योजना और शराबबंदी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों के बाद अब उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है। अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं से कांग्रेस परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलना शुरू हुआ है, कांग्रेस लगातार इस योजना को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।

सरगुजा में शराब को लेकर महिलाओं के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में घर-घर शराब पहुंचाई गई और पूरे प्रदेश को नशे का अड्डा बना दिया गया था। साव ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान बड़ा शराब घोटाला हुआ, जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई। अब जब बीजेपी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए योजनाएं चला रही है, तो कांग्रेस को परेशानी हो रही है।







