
दंतेवाड़ा। बस्तर अंचल के दंतेवाड़ा जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कुआकोंडा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत फूलपाड़ में भाजपा को बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। क्षेत्र के 400 से अधिक ग्रामीणों ने भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।बुधवार को फूलपाड़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के व्यवहार से वे असंतुष्ट थे, जिसके चलते उन्होंने यह निर्णय लिया।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा, पीसीसी सदस्य एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश गौतम, आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शंकर कुंजाम तथा ब्लॉक अध्यक्ष देव सिंह ताती सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।कांग्रेस नेताओं ने नवप्रवेशी ग्रामीणों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस दौरान नेताओं ने कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों की जानकारी देते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि क्षेत्र की जनता का भरोसा कांग्रेस पर लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में पार्टी को इसका राजनीतिक लाभ मिलेगा। वहीं, ग्रामीणों के बड़ी संख्या में कांग्रेस में शामिल होने से जिले की राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।







