
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। यहां उन्होंने अपने दिन की शुरुआत हुगली नदी के किनारे समय बिताकर की। इस दौरान उन्होंने नाव में सैर की, नाविकों से बातचीत की और उनके परिश्रम की सराहना की। प्रधानमंत्री ने सुबह टहलने आए लोगों से भी मुलाकात की और बंगाल के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि गंगा हर बंगाली के जीवन और संस्कृति का अहम हिस्सा है और यह प्रदेश की आत्मा से जुड़ी हुई है |
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर अपने अनुभव साझा करते हुए गंगा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लिखा कि गंगा का पवित्र जल एक पूरी सभ्यता की भावना को अपने साथ समेटे हुए है। इस दौरान उन्होंने फोटोग्राफी में भी हाथ आजमाया और विद्यासागर सेतु तथा हावड़ा ब्रिज की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने इसे मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बताया और कहा कि वे बंगाल के लोगों की समृद्धि के लिए लगातार काम करते रहेंगे।




