
PM EAC Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (6 जून) को प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (PM-EAC) की बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में कई अर्थशास्त्री और नीति विशेषज्ञ भी शामिल हुए. बैठक के दौरान ईएसी-पीएम के सदस्यों ने मीडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के भारत और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का आकलन भी पीएम मोदी के सामने पेश किया. साथ ही बदलते वैश्विक आर्थिक दौर में भारत की विकास गति को बरकरार रखने के साथ इसे और मजबूत करने के लिए विभिन्न नीतिगत सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया.जीवन की सुगमता’ और ‘कारोबारी सुगमता’ पर विशेष जोर
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्क के मुताबिक बैठक में आम नागरिकों के लिए ‘जीवन की सुगमता’ (Ease of Living) और उद्योग-व्यापार के लिए कारोबारी सुगमता (Ease of Doing Business) को और बेहतर बनाने से जुड़े सुधारों पर गहन चर्चा हुई. सरकार ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाकर निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिने की बात कही है. इस बैठक में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और शक्तिकांत दास भी शामिल हुए. दोनों अधिकारियों ने विभिन्न आर्थिक और प्रशासनिक पहलुओं पर अपने विचार रखे.
क्या है प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद?
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) एक स्वतंत्र निकाय है, जो भारत सरकार और विशेष रूप से प्रधानमंत्री को आर्थिक और उससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विशेषज्ञ सलाह देता है. परिषद का उद्देश्य देश की आर्थिक नीतियों और विकास रणनीतियों को मजबूत बनाने में सहयोग देना है. फिलहास ईएसी-पीएम में एक अध्यक्ष, तीन पूर्णकालिक सदस्य और 11 अंशकालिक सदस्य शामिल हैं. इसके प्रमुख एस महेंद्र देव हैं, जबकि संजय कुमार मिश्रा, संजीव सान्याल और शामिका रवि पूर्णकालिक सदस्य हैं. परिषद के 11 अंशकालिक सदस्यों में राकेश मोहन, साजिद जेड चिनॉय, नीलकंठ मिश्रा, नीलेश शाह, टीटी राम मोहन, सौम्य कांति घोष, केवी राजू, चेतन घाटे, पामी दुआ, पुलक घोष और गौरव वल्लभ शामिल हैं.
परिषद की क्या हैं प्रमुख जिम्मेदारियां?
ईएसी-पीएम का काम प्रधानमंत्री को आर्थिक और अन्य अहम मुद्दों का विश्लेषण कर सुझाव देना है. परिषद आर्थिक महत्व के विषयों पर अपने विचार पेश करती है और जरूरत पड़ने पर स्वतः संज्ञान लेकर भी सुझाव दे सकती है. इसके अलावा प्रधानमंत्री की ओर से समय-समय पर सौंपे गए विशेष कार्यों को भी करती है.




