
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य की बहुप्रतीक्षित सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया। कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर नागरिक की समस्या को सुनना, उसका तय समय-सीमा में समाधान करना और शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों और सुझावों से एक मजबूत एवं स्थायी जनसंपर्क व्यवस्था की आवश्यकता महसूस हुई, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की गई है।

अब प्रदेश के नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे और सरकारी योजनाओं व सेवाओं को लेकर फीडबैक भी साझा कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था शासन में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ जनता और सरकार के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी।डिजिटल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे लोग मोबाइल के जरिए आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे। इस प्रणाली से राज्य के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हैं और 1195 श्रेणियों में शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था की गई है।

हर शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिसके माध्यम से आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन देख सकेगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास समीक्षा और जांच के लिए भेजा जाएगा, जिससे जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के जरिए इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी नियमित मॉनिटरिंग करेगा।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने का एक सशक्त मंच भी है। नागरिक राज्य के विकास से जुड़े सुझाव भी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकार तक पहुंचा सकेंगे, जिससे नीतियों और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव, सुशासन एवं अभिसरण विभाग राहुल भगत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली और प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य,मुख्य सचिव विकासशील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







