
नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर में बच्चों के लिए काम करने वाले एक NGO पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। संस्था के चेयरमैन रियाज फाजिल काजी पर कई युवतियों ने यौन उत्पीड़न, जबरन छूने, धार्मिक दबाव बनाने और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।मुख्य शिकायतकर्ता एक 23 वर्षीय युवती है, जो सितंबर 2023 से NGO में एडमिन और HR हेड के पद पर कार्यरत थी। युवती के अनुसार,18 जुलाई 2024 को उसके जन्मदिन के मौके पर ऑफिस में सेलिब्रेशन के बाद आरोपी ने उसे अपने केबिन में बुलाया। वहां उसकी इच्छा के खिलाफ उसे गले लगाया, माथे पर चूमा और आपत्तिजनक बातें कहीं।

पीड़िता का आरोप है कि नौकरी जाने के डर से वह तुरंत विरोध नहीं कर सकी। उसने बताया कि आरोपी कई बार उसे जबरन गले लगाने की कोशिश करता था। एक बार तो उसने CCTV का प्लग तक निकाल दिया ताकि उसकी हरकत रिकॉर्ड न हो सके।युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी महिला कर्मचारियों और वॉलंटियर्स पर नजर रखने के लिए फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट चलाता था। इसके जरिए वह उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाता था।

शिकायत में यह भी सामने आया कि पीड़िता की बड़ी बहन, जो NGO में असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर थी, उस पर भी विशेष धार्मिक प्रार्थनाएं करने और खास तरह के कपड़े पहनने का दबाव बनाया गया।कई अन्य महिला कर्मचारियों ने भी आरोपी के व्यवहार से परेशान होकर नौकरी छोड़ दी। कुछ ने घूरने, छूने और धार्मिक रीति-रिवाज थोपने की शिकायत की।18 अप्रैल को पीड़ित महिलाएं NGO कार्यालय पहुंचीं, लेकिन ऑफिस बंद मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर FIR दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी रियाज फाजिल काजी को गिरफ्तार कर लिया।उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 23 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच अब CCTV फुटेज, कर्मचारियों के बयान और NGO के वित्तीय लेन-देन सहित कई पहलुओं से की जा रही है।





