यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत; ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार …

ग्रेटर नोएडा : – यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के पास बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। पुलिस और दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब 33वें किलोमीटर के पास हुआ। बताया गया कि बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा की ओर जा रही थी। रात करीब 11 बजे के आसपास आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और अन्य रास्तों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए। पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बस के एयर-कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। पुलिस ने बताया कि आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। हादसे के बाद पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, एक यात्री ने दावा किया कि आग लगने से पहले बस के केबिन की तरफ से जलने की गंध आ रही थी। यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी देने और बस रोककर जांच करने के लिए कहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों और बस में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

About The Author