Monsoon Alert: यूपी-बिहार में आंधी-तूफान का तांडव; 48 मौतें, इन 15 राज्यों में हुई Pre Monsoon की एंट्री

देशभर में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। एक तरफ जहां सूरज आग उगल रहा था, वहीं अब आसमान से आफत बरस रही है। मौसम विभाग (IMD) ने देश के 15 से ज्यादा राज्यों में प्री-मानसून को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है।यूपी-बिहार में भारी तबाही, 48 लोगों ने गंवाई जान

उत्तर प्रदेश और बिहार से बहुत बुरी खबर आ रही है। पिछले 24 घंटे के भीतर दोनों राज्यों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से 48 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले यूपी में ही 31 लोगों की जान चली गई। सहारनपुर के पहाड़ी इलाकों में अचानक इतना पानी आया कि रास्ते पर खड़ी गाड़ियां तिनके की तरह बह गईं। वहीं बिहार में भी 17 लोगों की मौत की खबर है।पटना में विमान सेवा ठप, यात्री परेशान

खराब मौसम का सबसे बड़ा असर राजधानी पटना के एयरपोर्ट पर देखने को मिला। आसमान में काले बादलों और तेज हवाओं के चलते चार फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा 18 उड़ानों ने तय समय से काफी देरी से उड़ान भरी। रनवे पर यात्री घंटों परेशान होते रहे। सूत्रों के मुताबिक, मौसम विभाग ने आज भी बिहार के 25 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है।राजस्थान-पंजाब में गिरे ओले, मानसून पर आई बड़ी अपडेट

रेगिस्तानी राज्य राजस्थान में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जयपुर, बीकानेर समेत 30 जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। तापमान में भारी गिरावट आई है। पंजाब के भी कई इलाकों में ओले गिरे हैं। इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले सात दिनों के भीतर केरल के तट पर दस्तक दे सकता है। केरल में मानसून आते ही देश के बाकी हिस्सों में भी राहत की बौछारें शुरू हो जाएंगी।इस साल कम होगी बारिश, किसान रहें अलर्ट

मौसम विभाग ने मानसून को लेकर एक ऐसी खबर दी है जो चिंता बढ़ाने वाली है। इस साल जून से सितंबर के बीच देश में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। इस बार पूरे सीजन में करीब 78 सेंटीमीटर ही पानी बरस सकता है, जबकि अमूमन यह आंकड़ा 87 सेंटीमीटर रहता है। यूपी और बिहार में तो पानी ठीक-ठीक बरसेगा, लेकिन बाकी राज्यों में सूखा पड़ने का खतरा है। इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ेगा।

About The Author