
अयोध्या। अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को और आसान बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। अब राम दरबार के दर्शन के लिए किसी भी तरह के वीआईपी पास या विशेष अनुमति की जरूरत नहीं होगी। श्रद्धालु सामान्य दर्शन प्रक्रिया के तहत ही रामलला के दर्शन के बाद राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहले लागू विशेष पास व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत भक्त पहले नियमित दर्शन कतार में शामिल होंगे और इसके बाद मंदिर की पहली मंजिल पर स्थित राम दरबार तक पहुंच सकेंगे।
इस बदलाव का उद्देश्य दर्शन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है। पहले सीमित संख्या में जारी होने वाले विशेष पास के कारण कई श्रद्धालु राम दरबार के दर्शन से वंचित रह जाते थे। अब सभी भक्तों को समान अवसर देने की कोशिश की गई है। ट्रस्ट का मानना है कि, नई व्यवस्था से भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा। राम मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यह कदम भक्तों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




