
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ कर दिया है। प्रस्तावित योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार की तैयारी है कि इस योजना की शुरुआत 28 अगस्त, रक्षाबंधन के अवसर पर की जाए।

सरकार के मुताबिक, इस योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की करीब 17 लाख महिलाओं को मिल सकता है। शुरुआती पात्रता के अनुसार, लाभार्थी की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए, वह कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी हो, परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये या उससे कम हो और निर्धारित अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करती हो। योजना का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग करेगा। योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। आवेदन के बाद दस्तावेजों का सत्यापन होगा और पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 2,500 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाएगी। दिल्ली सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।





