
मुंबई के कुर्ला इलाके में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कुरैशी नगर में एमएमआरडीए के काम के दौरान एक भारी क्रेन अचानक मकान पर जा गिरी। हादसे में कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में किसी के दबे होने की आशंका नहीं है। हालांकि, हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बीएमसी के पीआरओ कार्यालय के अनुसार, एक ऑपरेशन के लिए पोक्लेन मशीन की मदद से क्रेन को लगाया जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। शुरुआती जानकारी में छह लोगों के घायल होने की बात सामने आई है, जिन्हें सायन अस्पताल और कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं, हादसे को लेकर अलग-अलग स्तर पर घायलों की संख्या की जानकारी सामने आई है, जिसे प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया जा रहा है। हादसे के दौरान क्रेन पास से गुजर रही मध्य रेलवे की सिंगल लाइन के ओवरहेड इलेक्ट्रिक उपकरण यानी OHE पर भी जा गिरी। रेलवे के मुताबिक, इस लाइन का इस्तेमाल मुख्य रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए होता है और नियमित यात्री ट्रेन सेवाओं पर इसका असर नहीं पड़ा। एमएमआरडीए के कार्यस्थल पर हुई इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्रेन गिरने की वजह क्या थी और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।







