
रायपुर : – प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शराब घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी कृष्ण कुमार (केके) श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। विशेष अदालत में पेशी के बाद उन्हें 8 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया गया।केके श्रीवास्तव इससे पहले शराब घोटाला मामले में पूर्व सीएम सचिवालय की उप सचिव सौम्या चौरसिया के साथ जेल में रह चुके हैं। मार्च 2026 में हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे रिहा हुए थे।ईडी के मुताबिक, श्रीवास्तव पर स्मार्ट सिटी और नवा रायपुर परियोजनाओं में काम दिलाने के नाम पर 15 करोड़ रुपये की कथित ठगी का भी आरोप है। इस मामले में रायपुर के तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज है। जांच एजेंसी उनके बैंक खातों में करीब 300 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की भी जांच कर रही है। ईडी रिमांड के दौरान हवाला नेटवर्क, पैसों के स्रोत और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ करेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



