
कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शनिवार को यूक्रेन के कई हिस्सों में बड़े हवाई हमलों की खबर सामने आई। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार रूस की ओर से ड्रोन और मिसाइलों के जरिए किए गए हमलों में कम से कम 9 लोगों की जान गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हमलों की चपेट में रिहायशी इमारतों के अलावा जरूरी बुनियादी ढांचे भी आए हैं। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने सुबह से करीब 500 ड्रोन के जरिए अलग-अलग ठिकानों को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि रूसी सेना केवल युद्ध क्षेत्र तक सीमित हमले नहीं कर रही, बल्कि उन सुविधाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है, जो यूक्रेन की युद्धकालीन व्यवस्था को बनाए रखने में मदद करती हैं। पिछले चार वर्षों से चल रहे संघर्ष में ऊर्जा और अन्य महत्वपूर्ण ढांचे लगातार हमलों का सामना कर रहे हैं।
डोनेट्स्क क्षेत्र के क्रामाटोर्स्क शहर में भी हमले का असर देखने को मिला। स्थानीय नगर परिषद के मुताबिक लगभग डेढ़ घंटे के भीतर निजी कारों को निशाना बनाकर तीन हमले किए गए, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई और चार अन्य घायल हो गए। जेलेंस्की ने रूस पर यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और जरूरी सेवाओं को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। वहीं, यूक्रेनी सेना ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। सेना के अनुसार समारा क्षेत्र के तोग्लियाटी में सिंथेटिक रबर तैयार करने वाली एक बड़ी औद्योगिक इकाई को निशाना बनाया गया, जिसके बाद परिसर में आग लग गई। दोनों देशों के बीच हमलों और जवाबी कार्रवाई का सिलसिला जारी है।



