Oplus_16908288
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को मोल्दोवा के चिशिनाउ में मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू के साथ भारत-मोल्दोवा बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मोल्दोवा की कंपनियों के लिए भारत में व्यापार और निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं तथा भारत निवेशकों के लिए पारदर्शी और अनुकूल कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारत-मोल्दोवा संबंधों की मजबूत नींव का किया उल्लेख
अपने उद्घाटन संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि वर्ष 1992 में राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से भारत और मोल्दोवा के बीच मैत्रीपूर्ण और मजबूत संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध परस्पर सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा शांति, विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।
2047 के विकसित भारत के लक्ष्य का किया जिक्र
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और ऐसी वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करना चाहता है, जो विश्वास और साझा समृद्धि पर आधारित हों। उन्होंने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति उद्यमिता, डिजिटल परिवर्तन, विनिर्माण क्षेत्र की मजबूती और युवा एवं कुशल कार्यबल की बदौलत संभव हुई है। वहीं, मोल्दोवा का सुधारोन्मुख दृष्टिकोण, रणनीतिक भौगोलिक स्थिति और यूरोपीय बाजारों से बढ़ता जुड़ाव भारतीय उद्योगों के लिए नए अवसर प्रदान करता है।
कई क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, फिनटेक, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी, उन्नत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, फार्मास्यूटिकल्स, जैव-प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय कंपनियां मोल्दोवा में सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज, स्मार्ट ग्रिड, ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य स्वच्छ प्रौद्योगिकियों से जुड़ी परियोजनाओं में रुचि रखती हैं।
दोनों देशों के उद्योग जगत को दिया निवेश का निमंत्रण
राष्ट्रपति ने मोल्दोवा की कंपनियों को भारत में उपलब्ध निवेश और व्यापार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही भारतीय उद्योग जगत से भी मोल्दोवा में मौजूद व्यावसायिक संभावनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि बिजनेस फोरम में होने वाला संवाद नई साझेदारियों और नवाचार आधारित सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा तथा दोनों देशों के आर्थिक संबंध नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे।
विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
भारत-मोल्दोवा बिजनेस फोरम में दोनों देशों के अग्रणी उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।






