
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट के बीच सोने की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। गुरुवार को रायपुर और नागपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए 1.242 किलो सोना जब्त किया। बी-12 कोच की तलाशी में 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में महाराष्ट्र के सुरेश कुमार और धैर्यशील को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12262 में दो लोग सोने की खेप लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना के बाद रायपुर और नागपुर की संयुक्त टीम ने डीआरआई अधिकारियों के साथ रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया। भंडारा-नागपुर के बीच बी-12 कोच में दोनों संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें सोने की पूरी खेप बरामद हुई। जांच में सोने को विदेशी मूल का बताया गया है। डीआरआई नागपुर ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है। अब एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से आया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था। डीआरआई के मुताबिक, तस्करी का सोना दुबई से बांग्लादेश और नेपाल के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचने के बाद ट्रेनों के जरिए मुंबई, सूरत और अहमदाबाद जैसे शहरों तक भेजे जाने की आशंका है। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।





