
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के भीतर अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल कर दिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में बीजेपी ने अपने प्रदेश अध्यक्षों को पूरी तरह बदल दिया है। हाईकमान के इस अचानक आए फैसले से राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। दिल्ली की कमान पूर्वी दिल्ली के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को दी गई है। वहीं, पंजाब में चुनाव से ठीक पहले सुनील जाखड़ की छुट्टी कर दी गई है। उनकी जगह पर सिख चेहरे केवल सिंह ढिल्लों को नया कप्तान बनाया गया है।दिल्ली में मंत्री संभालेंगे कमान
पार्टी ने राजधानी दिल्ली में बहुत बड़ा दांव खेला है। हर्ष मल्होत्रा को नया दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हर्ष मल्होत्रा इस समय केंद्र सरकार में सड़क परिवहन मंत्रालय के राज्यमंत्री भी हैं। दिल्ली में अगले चुनावों को देखते हुए संगठन ने उनके अनुभव पर भरोसा जताया है। सूत्रों का कहना है कि जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
हरियाणा में पहली बार किसी महिला को मौका
हरियाणा की राजनीति से भी चौंकाने वाली खबर आई है। लंबे समय से चल रही अटकलों को खत्म करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वह मोहन लाल बडौली की जगह लेंगी। हरियाणा बीजेपी के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी महिला को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पानीपत की रहने वाली डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं और संगठन में लगातार एक्टिव रही हैं।
पंजाब और त्रिपुरा में नए चेहरे
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए बीजेपी ने मालवा क्षेत्र के बड़े नेता और उद्योगपति सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब की कमान सौंप दी है। ढिल्लों साल 2022 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। पार्टी को उम्मीद है कि उनके आने से ग्रामीण इलाकों और किसान वर्ग में पैठ मजबूत होगी। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में भी संगठन को नया रूप देते हुए अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है
।इन्हें मिली जिम्मेदारी
त्रिपुरा: अभिषेक देबरॉय (विधायक और युवा चेहरा)
दिल्ली: हर्ष मल्होत्रा (केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद)
पंजाब: सरदार केवल सिंह ढिल्लों (पूर्व विधायक और बड़े कारोबारी)
हरियाणा: डॉ. अर्चना गुप्ता (पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष)




