फेस्टिवल सीजन में फ्लाइट टिकटों की कीमत 4 गुना तक बढ़ी, पटना का किराया देख चौंकेंगे …

पटना: दशहरा और छठ से पहले बिहार लौटने वाले यात्रियों के लिए हवाई सफर महंगा हो गया है। त्योहारों के दौरान पटना आने वाली फ्लाइट्स के किराए में बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। दिल्ली से पटना का किराया कई उड़ानों में 13 हजार रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि मुंबई से पटना की फ्लाइट का टिकट 21 हजार रुपये से अधिक हो गया है।

बेंगलुरु-पटना रूट पर भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। 16 अक्टूबर को इस रूट पर न्यूनतम किराया करीब 13,873 रुपये दर्ज किया गया, जबकि कुछ उड़ानों का किराया 19 हजार रुपये से अधिक है। मुंबई से आने वाली कुछ फ्लाइट्स के टिकट भी 20 हजार रुपये के पार पहुंच गए हैं। हवाई किराए में इस तेजी की एक बड़ी वजह त्योहारों के दौरान बढ़ी मांग मानी जा रही है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने और लंबी वेटिंग के कारण यात्री फ्लाइट का विकल्प चुन रहे हैं। दशहरा के बाद छठ के लिए भी बिहार आने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है, ऐसे में हवाई किराए पर दबाव बना रह सकता है।

About The Author