
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने नीट पेपर लीक विवाद के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवज़ा देने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ओपन लेटर लिखा है, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। अपने पत्र में अभिजीत दीपके ने लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों में 11 छात्रों ने आत्महत्या की है। उन्होंने दावा किया कि इनमें से पांच मौतें पिछले 48 घंटों के भीतर हुई हैं, और यह चिंताजनक है कि यह सिलसिला थमने के बजाय बढ़ता जा रहा है, खासकर दोबारा परीक्षा के दबाव के बीच।
उन्होंने मांग की कि सरकार उन सभी परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवज़ा दे, जिनके बच्चों ने पेपर लीक संकट से जुड़ी परिस्थितियों के कारण आत्महत्या की है।दीपके ने यह भी कहा कि सीजेपी पिछले एक महीने से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है और देशभर में प्रदर्शन कर रही है। उनके अनुसार, छात्रों की मुख्य मांग यह है कि इन मौतों की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री से तुरंत हस्तक्षेप करने, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने की अपील की, ताकि कोई और छात्र शैक्षणिक दबाव में अपनी जान न गंवाए। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 20 जून को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में देशभर से छात्र जंतर-मंतर पर एकत्र होंगे।




