
उप मुख्यमंत्री ने की माँ शारदा लोक के प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा, कहा-स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिले मजबूती
भोपाल। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार को मंत्रालय में माँ शारदा लोक के प्रस्तावित समग्र विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूर्ण किए जाएँ।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और परियोजना के माध्यम से स्थानीय नागरिकों की आर्थिक गतिविधियों को सशक्त एवं सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समस्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्यों को गति दी जाए।
बैठक में बताया कि माँ शारदा लोक में मुख्य मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार, पार्किंग व्यवस्था, ग्रीन एरिया डेवलपमेंट, सोलर सिस्टम, वेस्ट मैनेजमेंट, पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, धर्मशालाओं का विकास, आगमन सीढ़ियों एवं वापसी मार्ग का भीड़ के अनुसार वैज्ञानिक प्रबंधन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण, सुदृढ़ सर्विलांस सिस्टम तथा आरामदायक वॉकिंग सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है।







