
रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारी शुरू कर दी है| उसने राज्य के तमाम नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्ति कर स्थानीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी है|जबकि,कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर ‘‘ऊहापोह” की स्थिति देखी जा रही है|

बताया जाता है,कि जल्द ही कांग्रेस आलाकमान इस बारे में फैसला ले सकता है|इधर,बीजेपी ने नगरीय निकायों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्तियों का एलान कर दिया है|राज्य सरकार की सिफारिश पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के रायपुर और सरगुजा संभाग के नगर पालिक निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मनोनीत पार्षदों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने सभी एल्डरमैन को उनके उज्जवल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी है|

जारी आदेश के अनुसार ये नियुक्तियां छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 तथा छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम, 1961 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए की गई हैं। मनोनीत पार्षदों को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से संबंधित नगरीय निकायों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी सूची में रायपुर संभाग के अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम के साथ-साथ माना कैंप, तिल्दा-नेवरा, गोबरा नवापारा, आरंग, मंदिर हसौद, अभनपुर, खरोरा, कुनरा, समोदा और चंदखुरी जैसे नगरीय निकाय शामिल हैं। इसके अलावा गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी तथा बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों के विभिन्न निकायों में भी नए एल्डरमैन नामित किए गए हैं। जबकि,सरगुजा संभाग में अंबिकापुर नगर पालिक निगम सहित बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर तथा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नगरीय निकायों में भी मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की गई है।

बीजेपी नेत्री बाली डाली को एक बार फिर एल्डरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे रायपुर से सटे माना इलाके में बीजेपी की चर्चित कार्यकर्ता है। इसी इलाके में प्रदेश बीजेपी कार्यालय स्थिति है। माना नगर पंचायत में इस बार बीजेपी का कब्ज़ा है,ऐसे में बाली डाली को एल्डरमैन नियुक्त कर बीजेपी ने इलाके के कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ा दिया है। इस नगर पंचायत में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर होने से पंचायत पर कब्जा दोनों ही पार्टियों के लिए कड़ी चुनौती सबित होता है। बंगाली समुदाय में बाली डाली की खास पैठ बताई जाती है। वे बीजेपी महिला मोर्चा और अन्य समितियों की सक्रिय सदस्य रही है ।
देखें सूची :-












