
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत संबंधी अपील का समर्थन करते हुए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अब उनके आधिकारिक दौरों में केवल जरूरी वाहनों को ही कारकेड का हिस्सा बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि बढ़ते वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का सोच-समझकर इस्तेमाल करना समय की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार जल्द ही सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में बदलने की दिशा में काम शुरू करेगी। उन्होंने मंत्रियों और निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों का सीमित और जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग करने की अपील की है।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने, कारपूलिंग अपनाने और बिना जरूरत निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों की छोटी-छोटी कोशिशें भविष्य में बड़े बदलाव ला सकती हैं।





