
दिल्ली: CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं, जो पिछले साल की तुलना में करीब 3 प्रतिशत कम है। बोर्ड के अनुसार, 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 17,113 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा स्कोर किया है।

इस बार 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के जरिए किया गया।छात्र अपना रिजल्ट CBSE Official Website पर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा DigiLocker और UMANG ऐप के माध्यम से भी मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। इंटरनेट या सर्वर की समस्या होने पर छात्र SMS के जरिए भी अपने विषयवार अंक प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, ऑनलाइन स्कोरकार्ड केवल अस्थायी होगा और छात्रों को स्कूल से मूल मार्कशीट लेना जरूरी रहेगा।CBSE ने इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट या टॉपर सूची जारी नहीं की है। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी छात्र को स्कूल या जिला टॉपर घोषित न किया जाए।रिजल्ट में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86% दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का रिजल्ट 82.23% रहा। वहीं, ट्रांसजेंडर छात्रों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा है।





