मोबाइल अपडेट का झांसा या साइबर चाल? फोन बंद होने के बाद खाते से गायब हुए 1.98 लाख रुपये …

राजनांदगांव : – सोमनी थाना क्षेत्र में मोबाइल अपडेट के बहाने साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अंजोरा निवासी ईश्वर लाल साहू के मोबाइल पर 10 सितंबर को सॉफ्टवेयर अपडेट का पॉपअप आया। इसके कुछ देर बाद मोबाइल का टच और बटन काम करना बंद हो गया। बाद में फोन सामान्य हुआ, लेकिन पीड़ित को पता चला कि उसके बैंक खाते से करीब 1.98 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं।

पीड़ित के मुताबिक, 10 सितंबर को दोपहर करीब 12:45 बजे मोबाइल में अपडेट का संदेश आया था। अगले दिन 11 सितंबर को भी इसी तरह मोबाइल अपडेट होने लगा। मोबाइल ठीक होने के बाद संदेह होने पर उन्होंने Google Pay के जरिए खाते का बैलेंस चेक किया। जांच में 10 सितंबर को 48,999 और 49,999 रुपये तथा 11 सितंबर को एक लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित बैंक पहुंचा, लेकिन हड़ताल के कारण बैंक बंद मिला। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। सोमनी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेन-देन और मोबाइल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

About The Author