
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक सब-इंस्पेक्टर की पत्नी ने उन पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। आज गुरुवार को राज्य के गृह (पुलिस) विभाग ने इसका आधिकारिक आदेश जारी किया। शिकायत सामने आने के बाद सरकार ने पहले ही डांगी को आईजी के पद से हटा दिया था। अब उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

आदेश में कहा गया है, कि निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय नया रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय रहेगा और बिना अनुमति वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल होने और मामले में लगातार उठते सवालों के बीच विभाग ने सख्त रुख अपनाया। गृह (पुलिस) विभाग ने अपने आदेश में कहा, कि डांगी का आचरण उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं पाया गया, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हुई है। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई।

रतनलाल डांगी 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उन्हें तेज-तर्रार अफसरों में गिना जाता रहा है। उनके खिलाफ लगे आरोपों के बाद जांच शुरू कर दी गई थी। शिकायत करने वाली महिला का आरोप है कि डांगी ने वर्ष 2017 से 2024 के बीच उसका शोषण किया और उसके पति की पोस्टिंग को लेकर दबाव बनाया। डांगी पहले कई जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में भी पदस्थ रह चुके हैं।






