नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण जारी है और इस दौरान लोकसभा में लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। विपक्ष के विरोध के कारण कई बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। बुधवार को लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बहस का दूसरा दिन है। इस मुद्दे पर आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में सरकार की ओर से जवाब देंगे।

मंगलवार को इस प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई थी, लेकिन विपक्ष के हंगामे के चलते तय समय के मुकाबले बहुत कम बहस हो सकी। करीब सवा छह घंटे के निर्धारित समय में से सिर्फ 47 मिनट ही चर्चा हो पाई।इस दौरान सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर भी सियासी माहौल गरमा गया। राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम और यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी की थी, जिस पर बीजेपी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी प्रतिक्रिया से साफ है कि विरोध प्रदर्शन की योजना उन्हीं की थी।

वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि बिना तथ्यों की जांच किए आरोप लगाना सही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में बोलने के लिए स्पीकर की अनुमति जरूरी होती है और किसी सांसद को अपनी मर्जी से बोलने का अधिकार नहीं होता।रिजिजू के बयान के दौरान राहुल गांधी सदन में मौजूद नहीं थे। उस समय कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वहां मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से सत्ता के सामने झुके नहीं हैं और वे सच बोलते हैं, जिसे सरकार स्वीकार नहीं कर पाती।अब इस पूरे मुद्दे पर आज गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में जवाब देंगे। ऐसे में संसद में होने वाली चर्चा पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं और सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण राजनीतिक बयान सामने आने की संभावना है।




