
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आज 8 मार्च को जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली। हालांकि इस कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद नहीं रहे। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई, जबकि वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया।

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने ललन सिंह और संजय झा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे और उनके पिता ने पिछले 20 वर्षों में जो काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाने का फैसला उनके पिता का होगा।
निशांत कुमार ने बिहार और देश की जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग उनके पिता पर भरोसा बनाए रखें। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने पिता की तरह हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। इस मौके पर वह सफेद कुर्ता और क्रॉक्स चप्पल पहने नजर आए।कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने “नीतीश कुमार जिंदाबाद” और “निशांत कुमार जिंदाबाद” के नारे लगाए। कुछ समर्थकों ने “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” जैसे नारे भी लगाए।जब निशांत कुमार की गाड़ी जदयू कार्यालय पहुंची तो कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। पार्टी दफ्तर में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी थी। स्वागत के लिए कुछ कार्यकर्ता हाथी, घोड़ा और ऊंट भी लेकर पहुंचे थे। वहीं मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक भी पटना पहुंचे थे।






