
नई दिल्ली/मुंबई: फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच गए हैं। मंगलवार देर रात उनका विमान मुंबई में उतरा। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनका स्वागत करते हुए लिखा, “भारत आपकी मेजबानी के लिए उत्साहित है। हमारी बातचीत सहयोग के नए आयाम खोलेगी। जल्द मुलाकात होगी, मेरे प्रिय मित्र।”2017 में पदभार संभालने के बाद मैक्रों की यह चौथी भारत यात्रा है। भारत रवाना होने से पहले उन्होंने विमान से एक तस्वीर साझा कर लिखा था कि मुंबई से नई दिल्ली तक की यह यात्रा भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी।

इस दौरे का सबसे अहम मुद्दा 114 नए राफेल लड़ाकू विमानों की संभावित खरीद है। रक्षा मंत्रालय और रक्षा अधिग्रहण परिषद पहले ही इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे चुके हैं। करीब ₹3.60 लाख करोड़ के इस बड़े रक्षा सौदे के तहत अधिकांश विमानों का निर्माण ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अंतर्गत भारत में किया जा सकता है। अगर इस पर अंतिम सहमति बनती है तो यह भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग को नई ऊंचाई देगा।
नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान दोनों नेताओं के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों पर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। मैक्रों इस वैश्विक कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं, जहां डिजिटल इनोवेशन और टेक साझेदारी पर खास जोर रहेगा।

मैक्रों के साथ आए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख उद्योगपति, कारोबारी और टेक विशेषज्ञ शामिल हैं। हाल ही में भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर हुई प्रगति ने भी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती दी है। मुंबई और दिल्ली में होने वाली बैठकों से रक्षा, व्यापार, टेक्नोलॉजी और सांस्कृतिक सहयोग के क्षेत्रों में भारत-फ्रांस रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
3.25 लाख करोड़ की मेगा डील! भारत को मिलेंगे 114 राफेल, मुंबई में मैक्रों-मोदी की अहम मुलाकात…






