
Kolkata Airport Bomb Threat: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह अफरातफरी का माहौल बन गया, जब शिलांग जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की धमकी मिली। एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। राहत की बात यह है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और सघन तलाशी अभियान जारी है।

कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E 3074 सुबह 9:15 बजे शिलांग के लिए उड़ान भरने वाली थी। जब यात्री विमान में सवार हो रहे थे, तभी क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट कंपार्टमेंट के अंदर एक कागज का टुकड़ा मिला। इस पर्ची पर लिखा था कि विमान के अंदर बम रखा गया है।

धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने एटीसी (ATC) को सूचित किया। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को तुरंत रनवे से हटाकर ‘आइसोलेशन बे’ (हवाई अड्डे का सुरक्षित और दूरस्थ हिस्सा) में भेज दिया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें एयरपोर्ट टर्मिनल पर वापस भेज दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल विमान के एक-एक कोने और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच कर रही हैं। एयरपोर्ट निदेशक ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।




