
नई दिल्ली : संसद के बजट सत्र के दौरान आज लोकसभा में एक बार फिर जोरदार हंगामा देखने को मिला। प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन का माहौल काफी गरमा गया। इसी बीच झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पीएमजीकेएवाई और जनवितरण प्रणाली यानी पीडीएस के असर को लेकर सवाल पूछ रहे थे, लेकिन लगातार शोर-शराबे के कारण कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पाई। हंगामे के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने सवाल का जवाब दिया।

स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से मर्यादित आचरण बनाए रखने और सदन की कार्यवाही चलाने में सहयोग करने की अपील की, लेकिन हंगामा नहीं थमने के कारण उन्हें प्रश्नकाल शुरू होने के महज पांच मिनट के अंदर ही लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। वहीं दूसरी तरफ राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा जारी रही।

बता दें कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हुआ है और आज छठे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। इससे पहले मंगलवार को भी लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई थी, जब राहुल गांधी ने एक मैगजीन का हवाला देते हुए अप्रकाशित किताब के अंशों को उद्धृत करने की अनुमति मांगी थी, जिस पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई। विपक्ष का आरोप है कि उनकी आवाज दबाई जा रही है और सरकार अहम मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। संसद में जारी इस सियासी टकराव पर अब पूरे देश की नजर बनी हुई है।





