गणेश विसर्जन के बाद अरपा में बड़ा हादसा, नारियल लेने नदी में उतरे दो बच्चे गहरे पानी में बहे; SDRF का रेस्क्यू जारी …

बिलासपुर में गणेश विसर्जन के दौरान एक हादसे ने खुशियों के माहौल को चिंता में बदल दिया। दयालबंद के मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर गणेश प्रतिमा के विसर्जन के बाद दो बच्चे अरपा नदी में उतर गए। जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे नदी में मौजूद नारियल लेने के लिए पानी में गए थे। इसी दौरान वे गहराई की तरफ चले गए और अचानक लापता हो गए।

हादसे में मधुबन अटल आवास निवासी आयान अंसारी और इमयेज के नदी में बहने की सूचना है। आयान की उम्र 12 वर्ष और इमयेज की उम्र 16 वर्ष बताई जा रही है। दोनों के पानी में लापता होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें खोजने की कोशिश की। कुछ लोगों ने नदी में उतरकर तलाश भी की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद SDRF को सूचना देकर रेस्क्यू टीम बुलाई गई। टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और अलग-अलग हिस्सों में बच्चों की तलाश की जा रही है। इस बीच परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोताखोरों के पहुंचने में देरी को लेकर नाराजगी जताई है। फिलहाल दोनों बच्चों की तलाश जारी है और प्रशासन की निगरानी में राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

About The Author