महादेव ऐप केस में CBI का बड़ा एक्शन, दुबई से लौटे अभिषेक को एयरपोर्ट पर दबोचा …

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में CBI ने कार्रवाई करते हुए वांटेड आरोपी अभिषेक कुमार को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक, अभिषेक दुबई से भारत पहुंचा था और राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरते ही उसे पकड़ लिया गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह ‘महादेव बुक’ के तहत ऑनलाइन बेटिंग गतिविधियों के संचालन, अलग-अलग पैनलों के समन्वय और पैसों के कलेक्शन में सक्रिय भूमिका निभाता था। गिरफ्तारी के बाद उसे हैदराबाद की अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद रायपुर लाया गया।

CBI की जांच में अभिषेक कुमार के दुबई में कथित तौर पर अवैध बेटिंग से हासिल रकम से अचल संपत्तियां खरीदने की बात सामने आई है। एजेंसी ने गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। CBI के अनुसार, शुरुआती जांच में अभिषेक के संबंध महादेव मामले के अन्य प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी से सामने आए हैं। रायपुर की अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है, जिसके दौरान एजेंसी उससे नेटवर्क और कथित वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। अभिषेक की गिरफ्तारी को महादेव ऐप मामले की चल रही जांच में एक अहम कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। CBI ने बताया है कि इस मामले से जुड़ी जांच में अब तक 100 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। एजेंसी के मुताबिक, मुख्य प्रमोटरों को भारत लाने के लिए सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं। फिलहाल जांच एजेंसी अभिषेक से पूछताछ के जरिए कथित बेटिंग नेटवर्क, पैनल संचालन और पैसों के लेनदेन से जुड़े अन्य कड़ियों की पड़ताल कर रही है।

About The Author