नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, खटारा बसों से निजात की मांग,चलते-चलते धू-धू कर जली बस…

नवा रायपुर : मंत्रालय कर्मचारियों को घर तक पहुंचाने वाली बस में आग लगने की घटना के बाद कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया है। बुधवार को मंत्रालय के पास पिक एंड ड्राइव सेवा में लगी एक बस अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना के समय कई कर्मचारी बस में सवार हो चुके थे, लेकिन धुएं और जलने की गंध महसूस होते ही उन्होंने तत्काल बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में बस ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी।

घटना के बाद मंत्रालय कर्मचारियों ने आज खटारा और असुरक्षित बसों के खिलाफ आवाज उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि रोजाना आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाली बसों की हालत और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बसें सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के अनुरूप नहीं हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते धुआं दिखाई नहीं देता और कर्मचारी बस से बाहर नहीं निकलते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बस में आग लगने की घटना ने सरकारी वाहनों के रखरखाव और मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों की मांग है कि पिक एंड ड्राइव सेवा में चलने वाली सभी बसों की तकनीकी और सुरक्षा जांच कराई जाए तथा खराब हालत वाले वाहनों को तत्काल सेवा से हटाया जाए। उनका कहना है कि कर्मचारियों को घर तक सुरक्षित पहुंचाना व्यवस्था की जिम्मेदारी है, ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

फिलहाल कर्मचारियों की नाराजगी के बीच यह सवाल उठ रहा है कि सरकारी वाहनों के रखरखाव और नियमित जांच की व्यवस्था कितनी प्रभावी है। अब देखना होगा कि बस में आग लगने की घटना की जांच में क्या सामने आता है और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सरकार तथा संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।

About The Author