जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत 4 की मौत; ट्रक ने कार को मारी टक्कर …

जमशेदपुर : – झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी मरीन ड्राइव के पास करीब सुबह तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चारों मृतकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी लोग स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर सोनारी मरीन ड्राइव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। जमशेदपुर के ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है। सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बेटी तृषा समेत चार लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह महगामा से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं। हादसे के बाद उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और ट्रक की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य मृतकों के निधन को बेहद दुखद बताया। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता के लिए अत्यंत कठिन होता है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मंत्री और सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी सड़क हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के असामयिक निधन पर संवेदना जताते हुए कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। राज्यपाल ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की प्रार्थना की। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक और कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया पीछे से ट्रक की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक की रफ्तार कितनी थी, इन पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद हादसे की विस्तृत तस्वीर सामने आएगी।

About The Author