CG में विधायक का मोबाइल हैक! WhatsApp से परिचितों को भेजे पैसे मांगने वाले मैसेज, 76 हजार की डिमांड से मचा हड़कंप …

कोरबा जिले के पाली-तानाखार विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के नाम का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक विधायक का मोबाइल नंबर हैक होने के बाद उनके WhatsApp अकाउंट से परिचितों और अन्य लोगों को पैसे भेजने के संदेश पहुंचने लगे। मैसेज में 76 हजार रुपए की रकम मांगी जा रही थी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद विधायक ने तुरंत लोगों को सतर्क किया और पाली थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

विधायक के अनुसार, मंगलवार को उन्हें पार्सल से संबंधित एक फोन कॉल आया था। बातचीत के बाद उनके मोबाइल नंबर के साथ छेड़छाड़ होने की जानकारी मिली। इसके बाद उनके WhatsApp से दूसरे लोगों को रकम भेजने के संदेश जाने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर अपराध से जुड़े पहलुओं के साथ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोबाइल नंबर तक ठगों की पहुंच कैसे हुई। घटना के बाद विधायक मरकाम ने पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और अपने परिचितों को विशेष रूप से सावधान रहने को कहा है। उन्होंने अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाला कोई संदेश मिले तो बिना पुष्टि के रकम ट्रांसफर न करें। ऐसे किसी भी मैसेज की सत्यता जानने के लिए सीधे संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। विधायक के मोबाइल से जुड़े इस मामले ने एक बार फिर मोबाइल और WhatsApp के जरिए होने वाली साइबर ठगी को लेकर सावधानी की जरूरत सामने ला दी है।

About The Author